रामपुर बुशहर। मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद राम स्वरूप शर्मा के निधन के बाद खाली हुई लोक सभा सीट के लिए 30 अक्तूबर को उपचुनाव होगा। उपचुनाव में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 74,491 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। विस क्षेत्र में मतदान के लिए जहां पूर्व में 150 बूथ निर्धारित रहते थे, वहीं इस बार कोविड प्रोटोकॉल के चलते मतदाताओं की संख्या बढ़ने के कारण 6 सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
चुनाव आचार संहिता लगते ही रामपुर विस क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के सदस्य सक्रिय हो गए हैं। लोक सभा उपचुनाव में रामपुर के 74,491 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे, जिनमें 74,273 आम और 218 सर्विस वोटर शामिल हैं। मतदान के लिए विस क्षेत्र में 156 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें छह सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। कोविड प्रोटोकॉल के चलते जिन पोलिंग बूथों में मतदाताओं की संख्या 950 से अधिक हो गई है, वहां सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें बनीबासा, ननखड़ी, दत्तनगर, शिंगला और शाहधार पोलिंग बूथ शामिल हैं। मतदान के लिए इन्हीं बूथों पर अलग से व्यवस्था रहेगी, ताकि कोरोना गाइडलाइन की पूरी तरह से पालना की जा सके। इसी तरह से विस क्षेत्र के रचोली और गोपालपुर को संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किया गया है। 30 अक्तूबर को मतदान के बाद 2 नवंबर को रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में मतगणना होगी। पद्म छात्र स्कूल में स्ट्रांग रूम स्थापित किया गया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी रामपुर यादविंद्र पॉल ने बताया लोक सभा उपचुनाव में रामपुर विस क्षेत्र के 74,491 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। विस क्षेत्र में 156 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें कोविड प्रोटोकॉल के चलते 6 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों और कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाएगा।