काजा (लाहौल स्पीति)। स्पीति में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया। बुधवार को हुए मतदान में 66.32 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं।
स्पीति के 38 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया गया। इसमें कुल 5858 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। इसमें 2763 पुरुष मतदाता और 3095 महिला मतदाता शामिल हैं। स्पीति की 13 पंचायतों में जिला परिषद की तीन सीटों के लिए कुल 66.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। चार अक्तूबर को मतों की गणना होगी। महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्पीति में शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हुआ है। सभी पोलिंग पार्टी काजा पहुंच चुकी है। मतदान पेटियां स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं।
इसके साथ ही स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। मतदान की दृष्टि से सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसमें टशी ज्ञामछो अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को लोसर, हल और खुरिक पंचायत, मनीष कुमार आर्य अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को गियू, ताबो और धंखर पंचायत, हरदेव सिंह नेगी वन मंडलाधिकारी को किब्बर और लांगचा पंचायत और चंद्रशेखर सहायक परियोजना अधिकारी कृषि को कुंगरी, सगनम, लालुंग पंचायत आवंटित की गई है। 22 बूथों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है, फिर भी एक सिस्टम तैयार किया था, जिससे हर दो घंटे बाद मतदान की अपडेट दी जा रही थी।