नेरवा। जोनल अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेल प्रतियोगिता का आयोजन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केदी में 17 से 20 जुलाई तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पूरे जोन से 35 स्कूलों की करीब साढ़े चार सौ छात्रा भाग ले रही हैं।
स्कूल प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो व बैडमिंटन के अलावा सांस्कृतिक संस्करण से संबंधित छह अन्य प्रतिस्पर्धाएं भी आयोजित होंगी। इनमें मार्चपास्ट, भाषण प्रतियोगिता, एकल नृत्य, एकांकी, समूह गान, इंस्ट्रूमेंटल प्रतिस्पर्धाएं होंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 जुलाई को सुबह साढ़े दस बजे खंड विकास अधिकारी चौपाल रोशन शर्मा करेंगे। प्रतियोगिता के दुसरे दिन 18 जुलाई को सरोहा फ्रूट कंपनी सहारनपुर के प्रबंध निदेशक फरीद भाई व सुनील विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। तीसरे दिन 19 जुलाई को सांस्कृतिक संस्करण से संबंधित प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शास्त्री अमर दीप सिंगटा होंगे, जबकि रावमापा नेरवा के प्रधानाचार्य केवल राम चौहान व रावमापा बिजमल के प्रधानाचार्य दिनेश स्टेटा बतौर विशेष अतिथि मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता टीमों व खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने समस्त खिलाड़ियों, बाहर से आने वाले टीम प्रभारियों, स्थानीय प्रशासन व
लोगों से आग्रह किया है कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्कूल प्रबंधन का सहयोग करें।