रामपुर बुशहर। खंड स्तरीय जलरक्षक संघ की बैठक में सदस्यों ने बजट के दौरान स्थायी नीति की घोषणा करने की मांग उठाई। संघ की बैठक सत्यनारायण मंदिर रामपुर में यूनियन अध्यक्ष नागेशवर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान विकास खंड नारकंडा से राजेंद्र कुमार और ठियोग से बबलू वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में संघ के लंबित मुद्दों पर भी गहनता से चर्चा की गई।
संघ के अध्यक्ष नागेशवर सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जलरक्षक संघ और राज्य कार्यकारिणी के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी विकास खंडों में जलरक्षकों के कार्यों और गतिशील क्रियाओं की गतिविधियों का जायजा लेना था। बैठक में जलरक्षकों की लंबित मांगों पर गहनता से विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष नागेशवर सिंह ने कहा कि 26 अक्तूबर 2018 को शिमला में जलरक्षकों की ओर से आयोजित सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने जलरक्षकों के लिए स्थायी नीति बनाने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके अभी तक इस संबंध में कोई पहल नहीं हुई है। प्रदेश सरकार इस आश्वासन को बरकरार रखते हुए 9 फरवरी को पेश किए जाने वाले बजट में जलरक्षकों को स्थायी नीति की घोषणा करे और उनकी उचित मांगों की पूर्ति एवं समस्याओं का समाधान करके राहत प्रदान करे, जिससे जलरक्षक अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके और अपनी सेवाएं पूरी निष्ठानुसार नियमित तौर पर दे सके। इस मौके पर रिंकू राम, यशवंत सिंह, सत्या देवी, तारामणी, कमला देवी, प्रकाश, राजेंद्र सिंह, मदन लाल, रोशन जोशी, दलीप शर्मा, कुलदीप, साहिल, विक्रम सिंह, अनुराग, केवल राम, राजीव वर्मा, कर्म सिंह, लायक राम, हरबंस, मोहन लाल, अनिल और सिंघी राम के अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।