किन्नौर जिले में बर्फबारी के चलते बंद छितकुल सांगला संपर्क मार्ग
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला/रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण जिले के 11 ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। इस कारण हजारों लोगों को आवाजाही में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ताजा बर्फबारी से पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं बिना बिजली लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
किन्नौर में बीते तीन दिनों से हुई लगातार बर्फबारी से शनिवार को जिले की अधिकांश ग्रामीण सड़कों पर एचआरटीसी की बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध है। जिले के ठंगी, कुन्नू चारंग, आसरंग, नेंसग, चांसू, छितकुल, बोनिंग सारिंग, काफनू यांगपा, क्राबा, शौंगठोंग पूर्वणी और बारंग में भारी बर्फबारी के संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। जिले में शनिवार को मौसम साफ रहने पर लोगों ने दिनभर धूप का लुत्फ लिया। अधिकांश ग्रामीण रूटों पर एचआरटीसी की बसों की आवाजाही नहीं हो पाई।
इस वजह से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से शिमला की ओर जाने वाली बसों को वाया धामी होकर भेजा जा रहा है जबकि रिकांगपिओ से पूह की तरफ जाने वाली बसों को नाको तक ही जा रही है। परिवहन निगम रिकांगपिओ अड्डा प्रभारी सुमन नेगी ने बताया कि बर्फबारी और फिसलन के कारण जिले की ग्रामीण सड़कों पर एचआरटीसी की बसों की आवाजाही नहीं हो पाई है। हालत सुधरते ही बसों को ग्रामीण रूटों पर भेजा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन भावानगर राहुल सूद और एसडीओ कल्पा डिविजन अशोक नेगी ने कहा कि जिले के तीनों खंडों में बर्फबारी से 11 ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हैं। विभाग की मशीनें और मजदूर सड़कों को बहाल करने में जुट गए हैं।