वरिष्ठ अधिकारी जिला प्रशासन से लेते रहे अपडेट
प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी जिला प्रशासन से इस मामले की अपडेट लेते रहे। सीएम सुक्खू प्रेसवार्ता कर इस मामले में अध्यादेश लाने की बात कह चुके हैं, लेकिन लिखित आश्वासन को लेकर सरकार और राधास्वामी सत्संग ब्यास में पेच फंसा है। इसके चलते प्रबंधन ने एक दिसंबर से अस्पताल को बंद करने का निर्णय लिया है। इससे नाराज जिलेभर में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन करने पर दो दर्जन से अधिक लोगों पर केस दर्ज
प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित करने और भीड़ को प्रदर्शन के लिए उकसाने पर एक दर्जन से अधिक लोगों पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। भोटा में बुधवार को प्रदर्शन करने वाले लोगों पर केस दर्ज हुए हैं, जबकि वीरवार को भोटा और सलौणी दोनों जगह प्रदर्शन में शामिल डेढ़ दर्जन के करीब लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किए गए हैं। एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने कहा कि मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।