31 दिसंबर को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभावना के बाद सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के बीच नए साल का स्वागत करने के लिए सैलानी खासे उत्साहित हैं। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए बड़ी संख्या में टूरिस्ट प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले हैं। बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग में तेजी आई है। शिमला, मनाली, डलहौजी के अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति में कमरों की बुकिंग के लिए सभी अधिक इंक्वायरी आ रही है। सड़क मार्ग के अलावा कालका-शिमला रेलवे से भी टूरिस्टों के शिमला पहुंचने की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। शिमला और मनाली के लिए दिल्ली से चलने वाली टूरिस्ट वोल्वो की संख्या भी दोगुनी हो गई है।