मंडी में आयोजित जनवादी नौजवान सभा के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते कार्यकर्ता और पदाधिकारी।
- फोटो : Mandi
मंडी। प्रदेश में युवाओं से रोजगार के मामले में हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। यह निर्णय भारत की जनवादी नौजवान सभा ने मंडी में आयोजित दो दिवसीय राज्य प्रशिक्षण शिविर में लिया। शिविर में प्रदेश के आठ जिलों से 55 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इसमें वर्तमान की राजनीतिक स्थिति, युवाओं के समक्ष चुनौतियां, नौजवान सभा का कार्यक्रम और सोशल मीडिया के महत्व पर चर्चा की। राज्य अध्यक्ष सुरेश सरवाल ने बताया कि प्रदेश में लाखों युवा नौकरी की आस में बैठे हैं, मगर सरकार भर्तियां निकालने में असफल रही है।
जो नौकरियां न्यायालयों में फंसी हैं, उन्हें तुरंत बहाल किया जाए। आज प्रदेश में हजारों जेबीटी, टीजीटी, पीजीटी, कॉलेज लेक्चरर और अन्य महकमों में पद खाली पड़े हैं। प्रदेश सरकार सभी महकमों में स्थायी भर्तियां करने में असफल रही है।
आउटसोर्स में भर्तियां की जा रही हैं जो युवाओं के साथ खिलवाड़ है। नौजवान सभा ने निर्णय लिया है कि सभी मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। नौजवान सभा का राष्ट्रीय महासम्मेलन 12 से 15 मई को कोलकाता में होगा। इसमें प्रदेश से भी 10 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस मौके पर राज्य सचिव चंद्रकांत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद