सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत जड़ोल के भागला गांव में शनिवार दोपहर आग की घटना में एक दो मंजिला स्लेटपोश मकान जल कर राख हो गया है। अग्निकांड में करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार धर्मपाल पुत्र संतराम निवासी भागला के दो मंजिला स्लेटपोश मकान की ऊपरी मंजिल में शनिवार दोपहर आग लग गई। पड़ोसियों ने आग की लपटों को देखा तो शोर मचाया। घर के अंदर से धर्मपाल और उसके परिवार को निकाला।
ग्रामीणों ने मिल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें फैलने से पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। इसी दौरान बीएसएल परियोजना के अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। जब तक अग्निशमन विभाग के कर्मचारी पहुंचे तब तक मकान जल कर राख हो गया था। पंचायत प्रधान अमरावती ने बताया कि अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन को हादसे की सूचना दे दी है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को हरसंभव आर्थिक राहत देने की मांग की है। एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि हल्का पटवारी से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से पूरी मदद करने की बात कही है। संवाद