रिवालसर (मंडी)। नगर पंचायत रिवालसर के एक युवक की रत्ती खड्ड में डूबने से मौत हो गई है। युवक की पहचान अमन (18) पुत्र रूप देव वार्ड नंबर एक रिवालसर के रूप में हुई है। युवक रिवालसर के हवानी से पैड़ी वैहल गांव गई एक बरात में शामिल होने गया था।
शनिवार दोपहर के समय अमन अपने कुछ साथियों के साथ पैड़ी के नजदीक रत्ती खड्ड में नहाने उतरा तो उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में फंस कर डूब गया। उसके साथ नहा रहे रिवालसर के युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।
शोर सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे और ग्रामीणों ने सर्च अभियान छेड़ा। करीब पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को ढूंढ निकाला। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी मंडी अनिल पटियाल ने की है।
000