मिठाईयों सहित गिफ्ट आइटम की हुई बिक्री, डाकियों ने घर घर पहुंचाए रक्षा सूत्र
सोमवार दोपहर 1: 32 बजे से सायं 4:30 तक रहेगा शुभ मुहूर्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी/सरकाघाट/जोगिंद्रनगर। भाई बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व आज हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए रविवार को बहनों ने खूब खरीदारी की। छोटी काशी मंडी सहित रविवार को भी बाजारों में रौनक रही। मिठाइयों सहित गिफ्ट आइटम की दुकानों में खूब बिक्री हुई। वहीं, अंतिम दिन भी डाकियों ने घर घर रक्षा सूत्र पहुंचाए। बता दें कि सोमवार दोपहर 1: 32 बजे से सायं 4:30 तक रक्षा सूत्र बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा। उधर, जोगिंद्रनगर में ननद भी अपनी भाभी की कलाई में शुभ मुहूर्त पर रक्षासूत्र बांधेगी।
इन क्षेत्र में यह नया ट्रेंड काफी प्रचलित हो रहा है और इसके लिए शहर में इस बार ऐसी राखियां भी पहुंची है जिसकी खरीदारी को लेकर महिलाओं का खूब उत्साह देखने को मिल रहा है। यह राखी ननद अपनी भाभी की कलाई के लिए खरीद रही हैं। रविवार को जोगिंद्रनगर में खराब मौसम के बीच भी राखियों की खरीदारी को लेकर महिलाएं बाजार पहुंची। राखी विक्रेता विकास सूद ने बताया कि महिलाएं (ननद) अपनी भाभी की कलाई में बांधने वाली राखी की खरीदारी को लेकर खूब उत्साहित है। यह आकर्षक पैक सौ रुपये से लेकर तीन सौ रुपये तक दुकान में उपलब्ध है।
मनियारी विक्रेता गुरप्रीत सिंह, सचिन मरवाह व मनोहर लाल ने बताया कि इस बार बहन भाई की कलाई में राखी बांधने के साथ ननद अपनी भाभी की कलाई में भी राखी बांधने को लेकर खूब खरीदारी कर रही है। इधर सरकाघाट में भी रविवार के दिन बाजारों में रक्षासूत्र की खरीददारी को खूब भीड़ रही। वहीं, दिनभर बहनों का भाईयों के घर जाने के लिए भी बसों और निजी वाहनों में आना जाना लगा रहा।