सड़क, बिजली और पानी की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन करते नौहली पंचायत के बाशिंदे।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सड़क, बिजली और पानी की समस्या से गुस्साए ग्राम पंचायत नौहली के द्रमण, कुन का तर के ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने रोष रैली निकालते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। बिजली और पानी की व्यवस्था भी चरमराई हुई है। पंचायत प्रधान अजीत सिंह ने बताया कि ग्रामसभा में सड़कों की दयनीय हालत और बिजली एवं पेयजल सुविधा की किल्लत के हल के लिए प्रस्ताव पंचायत में पारित किया गया है। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। द्रमण, कुन का तर सड़क के निर्माण कार्य ने रफ्तार नहीं पकड़ी है।
घटासनी, कन्यादेवी पेयजल लाइन बार-बार टूट रही है। इससे पेयजल किल्लत पैदा हो रही है। बिजली के बार-बार जाने से उपभोक्ता परेशान हैं। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता एसके नाग ने कहा कि नौहली पंचायत में पानी की समस्या को दूर करने के लिए विभाग प्रयासरत है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सूद ने कहा कि सड़कों की दशा को सुधारने के लिए विभाग प्रयासरत है। ग्रामीणों की मांगों पर गौर किया जाएगा। संवाद