ालंधर-मंडी बाया कोटली राष्ट्रीय उच्च मार्ग कोठी ध्वाली के पास गिरी भारी भरकम चट्टान से बंद
- फोटो : Mandi
धर्मपुर (मंडी)। जालंधर-मंडी वाया कोटली-धर्मपुर एनएच में कोठी ध्वाली के पास चट्टान गिरने से वीरवार सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक मार्ग बाधित रहा। इस दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
लोगों को वाहनों की अदला बदली कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। निजी वाहनों से आवाजाही कर रहे लोगों को वाया सरकाघाट जाना पड़ा। निजी वाहन में धर्मपुर से मंडी जा रहे राकेश, विक्की, भुवनेश और करतार चंद ने बताया कि वे अपनी निजी गाड़ी से मंडी जा रहे थे। कोठी ध्वाली पहुंचे तो देखा कि रास्ता बंद है। दोबारा वे धर्मपुर पहुंचे और वाया सरकाघाट मंडी गए।
एनएच सब डिवीजन कोटली के सहायक अभियंता भूप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग के बंद होने की सूचना मिलते ही तुरंत जेसीबी मशीन और कर्मचारी भेज दिए गए। भारी भरकम चट्टान गिरी थी, जिसे तोड़ने में समय लग गया। पांच बजे बंद मार्ग को एक बजे बहाल कर दिया।