जोगिंद्रनगर में मंडी-पठानकोट हाईवे पर हराबाग से घट्टा तक भूस्खलन से सड़क पर गिरे पत्थर।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में शुक्रवार को बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बारिश से शहर की सड़कें तालाब बन गईं। मुख्य बाजार, पुलिस थाना और पठानकोट चौक के नजदीक दुकानों में पानी घुस गया। मंडी-पठानकोट हाईवे पर हराबाग से घट्टा तक सड़कों पर पत्थर और मलबा भी आ गया।
इससे वाहन चालक भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। सरकाघाट मार्ग पर शहर के रेलवे स्टेशन चौक में भी बारिश के पानी का जमाव हो जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। खड्डों और नालों का जलस्तर बढ़ गया। जोगिंद्रनगर में अब तक हुई बरसात से लोक निर्माण विभाग को 20 करोड़ की चपत लग चुकी है।
दर्जनों रिहायशी मकान, गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम जोगिंद्रनगर डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि शुक्रवार देरशाम हुई बारिश से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। फिर भी संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारियों को बारिश से हुए नुकसान की जानकारी कार्यालय में प्रेषित करने को कहा है।
000