बासा पंचायत के दाड़ी गांव में मृत तेंदुए।
- फोटो : अमर उजाला
चैलचौक (मंडी)। बासा पंचायत के दाड़ी गांव में रविवार सुबह एक तेंदुए के खेतों में घायल अवस्था में मिलने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घास काटने के लिए खेतों में गई महिला की नजर जब घायल तेंदुए पर पड़ी तो उसने डर से आवाजें लगाईं। जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल तेंदुए अपना सिर उठाने की बार-बार कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों ने वन विभाग और गोहर पुलिस को घटना की सूचना दी।
वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही तेंदुए ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेंदुए की मौत के कारणों की अभी तक कोई स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय निवासी तपेंद्र लाल, हरीश कुमार, चमन शर्मा, नवीन शर्मा, मनीष कुमार समेत अनेक ग्रामीणों ने बताया कि घायल हुए तेंदुए के सिर पर घाव के निशान थे। वन परिक्षेत्राधिकारी गोहर मंडल पीयूष शर्मा ने कहा कि दाड़ी गांव में तेंदुए के खेतों मेें घायल होने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम के पहुंचने से पहले तेंदुआ दम तोड़ चुका था। तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के रिपोर्ट के बाद तेंदुए की मौत के कारणों का पता लग पाएगा।