मंडी के सराज में लंबाथाच-शिलीबागी-कलहणी रोड में बर्फबारी को हटाती जेसीबी।
- फोटो : Mandi
मंडी। बारिश और बर्फबारी के बाद भी जिले की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। सोमवार को मंडी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 51 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। यातायात शुरू न होेने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सराज, नाचन और करसोग के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही बंद रहने के चलते दूध, ब्रेड और जरूरी सामान की भी सप्लाई नहीं हो पाई।
सराज में सबसे अधिक सड़कें (19), सरकाघाट क्षेत्र में छह, करसोग में 16, सुंदरनगर छह, गोहर की दो और मंडी की भी दो सड़कें बंद रहीं। जिले के थुनाग में सबसे अधिक पानी की योजनाएं बंद रहीं। यहां पर 73 पेयजल योजनाएं प्रभावित रही। मंडी की 12, पधर की 12 और करसोग में एक पेयजल योजना बंद रही। इसके चलते लोगों को पानी की भी आपूर्ति नहीं हो पाई।
बिजली गुल रहने से भी लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। गोहर में सबसे अधिक ट्रांसफार्मर बंद रहे। यहां पर कुल 260 ट्रांसफार्मर बंद रहे। ऐसे में कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे। जिले में कुल 521 ट्रांसफार्मर बंद रहे। इनमें जोगिंद्रनगर 66, करसोग में 65, बालीचौकी में 78, सुंदरनगर में 47 और मंडी में पांच ट्रांसफार्मर बंद रहने से बिजली गुल रही। इसके साथ ही जिला में 20 रूटों पर बसें नहीं चल पाईं। इनमें सराज के 8 और करसोग के 12 रूटों पर बसों की आवाजाही बंद रही। उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि सभी विभागों को बिजली, पानी, सड़क बहाल करने के आदेश दिए हैं।
000