मंडी। मंडी के रविनगर में अपनी दो मासूम बच्चियों को सुकोहडी खड्ड में मरने के लिए छोड़ने वाली निर्दयी मां को न्यायालय ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। जहां उससे इस मामले में अन्य लोगों के संलिप्त होने और घटना को किस तरह अंजाम दिया गया, के बारे जानकारी हासिल की जा रही है।
मंगलवार को मंडी पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। वारदात में संलिप्त महिला को ट्रेस किया गया। पुलिस को अंदेशा है कि दिल दहला देने वाली इस वारदात में महिला के साथ अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।
हालांकि अब तक महिला के पति से हुई पूछताछ में महिला ने अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की बात कबूली है। गौरतलब है कि रविवार सुबह मंडी शहर की सुकोहड़ी खड्ड पुल के नीचे लोगों ने दो अबोध मात्र 3-3 माह की बच्चियों को मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर पुलिस दल ने बच्चियों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिए थे और मात्र तीन घंटों में ही आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर दिया था। एएसपी मंडी आशिष शर्मा ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी महिला से वारदात के बारे गहन पूछताछ की जा रही है। शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।