मंडी। दो दिनों से हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते मंडी जिले में 28 मार्ग बाधित हुए हैं। इन मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। ऐसे में लोगों को आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सराज और नाचन क्षेत्रों की सबसे अधिक सड़कें बंद हैं। वहीं दूसरे दिन 30 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। मंगलवार को 59 ट्रांसफार्मर ठप चल रहे थे, जिन्हें बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने ठीक कर दिया है। ट्रांसफार्मर खराब होने से गाड़ागुसैणी, बालीचौकी के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। बिजली न होने से हजारों लोगों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही हैं।
लोनिवि विभाग की ओर से सड़कों को बहाल किया जा रहा है। सड़क बहाली के लिए विभाग ने 14 जेसीबी तैनात की हैं। सड़कों को शीघ्र बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बर्फबारी के चलते जल शक्ति विभाग की सभी परियोजनाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। अभी तक कहीं से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना नहीं है। उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि जिला में 28 सड़कें बंद हैं, जिन्हें बहाल करने के लिए विभाग प्रयासरत हैं। वहीं बिजली बिजली के बंद पड़े 30 ट्रांसफार्मरों को भी शीघ्र ठीक करने में कर्मचारी जुटे हुए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि बर्फबारी प्रभावित इलाकों में न जाएं, ताकि कोई हादसा न हो।
ये सड़कें बाधित
शेगली-पराशर, घटासेनी-बरोट, बिल्लागढ़-मगरूगला, छतरी-गाड़ागुशैन, गाड़ागुशैन-तपन्याली घाट, छातींथाच, छतरी- जंजैहली वाया लस्सी, बिल्लागढ़-मगरूगला, मेहाच-देयारी, खौली-रेेंश, रणाबाग-बिहानी-सेरी, जोगणीधार-बहलीधार, पन्याली-खौली, छैंछ-पोखरी, जंजैहली-मगरूगला, जंजैहली-शिकावरी, खौली-रेंश-बूंग, च्यूणी-रेंश-शैटाधार, थाची-डिडर, थाची-देयोरी, थाची-बिझर, नरैंनगलू-शैटाधार, बाली-थाची, बसन-सोमगाड़, लंबाथाच-शिल्हीबागी, लंबाथाच-च्यूणी चेत, सुधराणी- थट्टा मार्ग अवरुद्ध हैं। वहीं बालीचौकी गाड़ा में 5, जोगिंद्रनगर में 25 ट्रांसफार्मर बंद हैं।