गोहर/बालीचौकी/सरकाघाट (मंडी)। जिला मंडी में मंगलवार दोपहर बाद कई स्थानों पर जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिससे गुठलीदार फलों और गंदम की फसल को नुकसान हुआ है। बारिश से गोहर, करसोग क्षेत्र की कई पंचायतों में बिजली गुल हो गई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
सराज घाटी की ग्राम पंचायत थाना और ग्राम पंचायत बागाचनोगी में सोमवार रात को बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि से मटर, राजमाह, आलू, मक्की, सेब, आडू की फसल पूरी तरह तबाह हो गई। ओलावृष्टि बागाचनोगी के छोआधार ग्राम पंचायत थाना के बजैहल और खन्यार में फसलों को पूरी तरह तबाह कर दिया।
गांव छोआधार निवासी मंगल सिंह, दौलत राम, कमल देव, प्रेमराज, दिले राम, पूर्णचंद, मेघ सिंह, वीर सिंह, बजैहल के नरोत्तम राम, नोक सिंह, परसराम, ज्ञान चंद खन्यार निवासी उत्तम राम, इंद्र सिंह, भगत राम, रोशन लाल आदि का कहना है कि ओलावृष्टि से किसान-बागवानों की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है। किसान बागवानों ने प्रदेश सरकार से नुकसान का जायजा और राहत राशि की मांग की है।
गोहर क्षेत्र की कमरूघाटी के कुटाहची, जहल, धंग्यारा और नाचन क्षेत्र की छपराहण पंचायत में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। बारिश से कमरूघाटी की किलिंग पंचायत, छम्यार, जयदेवी, शिल्हणू, घीड़ी आदि में बिजली गुल हो गई। मंगलवार दोपहर बाद सरकाघाट के तताहर, बरच्छवाड़, सरकाघाट बाजार, फतेहपुर, भांबला, सज्याओपिपलू में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। बरच्छवाड़ में पंचायत की दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। ओलावृष्टि से आम, पलम, आडू को नुकसान हुआ है। बालीचौकी के तहसीलदार थुनाग शमशेर सिंह ने कहा कि इलाका पटवारी को मौका करने के आदेश दिए गए हैं।