जोगिंद्रनगर (मंडी)। चौंतड़ा बाजार में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मृतक की पहचान संतराम (50) निवासी मनोह के रूप में हुई है। संतराम शुक्रवार को चौंतड़ा बाजार में अचेत अवस्था में मिला। उसे अस्पताल पहुंचाने के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध मौत को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर बिसरा फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। मृतक के परिजनों ने किसी पर भी शक जाहिर कर शिकायत पत्र पुलिस थाने को नहीं सौंपा है।
चुनावी सरगर्मियों को देखते हुए पुलिस इस मामले के हर पहलु को देखते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि चौंतड़ा बाजार में अचेत अवस्था में मिले व्यक्ति की संदिग्ध मौत को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा। संवाद