पंचायत समिति पधर की आयोजित बैठक में मौजूद सदस्य। स्रोत संगठन
पधर (मंडी)। पंचायत समिति द्रंग की त्रैमासिक बैठक में जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर खूब हंगामा हुआ। पंचायत समिति के सदस्यों ने दोनों विभागों के अधिकारियों के न आने पर नाराजगी जताई और कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण समस्याएं इन विभागों के समक्ष रखनी थी, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति में वे इन मुद्दों पर उनसे जवाबदेही नहीं कर पाए।
अध्यक्ष शीला ठाकुर की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार पधर में हुई बैठक में खंड विकास अधिकारी द्रंग विनय चौहान, पंचायत निरीक्षक हुकम चंद और कुछ विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज ने पंचायत चुकू में खजरी से गलमाठा सड़क निर्माण के लिए वन भूमि की एफआरए केस तैयार करवाने, बरोट और बरधान पंचायत के कुछ गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। इसे सदन में सर्वसहमति से पास किया गया। आरओ मंजु देवी ने बैठक में एफआरए पर जानकारी दी, जबकि विद्युत विभाग के सहायक अभियंता नितिन चंदेल ने साधन संपन्न लोगों से स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी वापस लेने का आग्रह किया।
पंचायत समिति सदस्य कविता चौहान ने मुख्य चौक पधर बाजार से अस्पताल तक बनी नाली को गहरा करने और टूटी पेयजल पाइपों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए स्वीकृति मिल गई है, लेकिन कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। समिति सदस्यों ने वार्डों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनसे समाधान की उम्मीद जताई।