19 जून से 3 जुलाई तक नगर निगम की टीम जल शक्ति विभाग के साथ करेगी वार्डों का दौरा
क्रॉसर -
शहर में जमीन के विवाद के चलते 50 घरों में नहीं लग पाए हैं सीवरेज कनेक्शन
जमीन की निशानदेही कर मौके पर दिए जाएंगे सीवरेज के कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहरी क्षेत्र में चरमराई सीवरेज व्यवस्था के सुधार के लिए 19 जून से 3 जुलाई तक नगर निगम के अधिकारी जल शक्ति विभाग के साथ वार्डों का दौरा करेंगे। इस दौरान वार्डों में सीवरेज के लिए जमीन की निशानदेही और कनेक्शन मौके पर दिए जाएंगे। साथ ही वार्डों में सीवरेज लीकेज और रास्तों में सीवरेज चेंबर लगाने की वजह से वाहन चालकों को पेश आ रही दिक्कतों का समाधान किया जाएगा।
इसे लेकर शनिवार को निगम कार्यालय में सह आयुक्त विकास शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की गई और पार्षदों से वार्डों में आ रही समस्याओं को लेकर योजना तैयार की गई। बैठक में पार्षदों ने सीवरेज कनेक्शन नहीं मिलने समेत पानी की समस्या भी उठाई। बैठक में सामने आया कि शहर में 50 के करीब घरों में अभी तक सीवरेज कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में घरों की गंदगी खुले में बह रही है। वहीं, कई वार्डों में सीवरेज के चेंबर रास्ते से ऊंचा होने और सीवेज लीक होने से लोगों को आ रही परेशानी का मुद्दा भी रखा गया। इस पर निगम की ओर से फैसला लिया गया कि 19 जून से हर वार्ड का जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया जाएगा। बता दें कि शहर में सीवरेज व्यवस्था का जिम्मा जल शक्ति विभाग के पास है। ऐसे में निगम उनके अधिकारियों को साथ ले जाकर वार्डों में सीवरेज और पानी की समस्याओं का सुधार करवाएगा।
किस वार्ड में कब होगा निरीक्षण
19 जून को वार्ड-10 सुहड़ा मोहल्ला, 21 को वार्ड-6 सन्याहड़, 24 को वार्ड-12 भागवाहन, 26 को वार्ड-8 पैलेस कॉलोनी 1, पहली जुलाई को वार्ड-11 समखेतर और 3 जुलाई को वार्ड 7 तल्याहड़ का निरीक्षण किया जाएगा। निगम का कहना है कि कुछ वार्डों में पार्षदों से समय मांगा जा रहा है। जैसे ही फाइनल होगा आगे के वार्डों में भी निरीक्षण किया जाएगा।
कोट्स
वार्डों में सीवरेज और पानी की समस्या के सुधार को लेकर योजना तैयार की गई है। 19 से 3 जुलाई तक एक-दिन छोड़कर वार्डों में जल शक्ति विभाग के साथ निरीक्षण किया जाएगा। शहर में करीब 50 घरों में जमीनी विवाद के चलते कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। उन्हें भी इस दौरान निपटाया जाएगा। पानी की समस्या का भी हल करवाया जाएगा। मौके पर कनेक्शन के लिए जमीन की निशानदेही करवाई जाएगी।
विकास शर्मा, सह आयुक्त, नगर निगम मंडी