पड्डल मैदान में बुधवार शाम को तैयारियों का जायजा लेते उद्योग निदेशक राकेश प्रजापति।
- फोटो : Mandi
मंडी। पड्डल मैदान में 27 दिसंबर को प्रस्तावित दूसरे ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह के कार्यक्रम के आयोजन को लेकर उद्योग विभाग सहित मंडी जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
समारोह को लेकर उद्योग विभाग के निदेशक राकेश प्रजापति ने पड्डल मैदान का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने मैदान की में उचित व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उद्योग निदेशक ने बताया कि मंडी में होने वाले समारोह में 100 से अधिक निवेशकों के आने और लगभग 20 हजार करोड़ के निवेश की संभावना है। समारोह में उन निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिनका परियोजना निवेश 25 करोड़ से ज्यादा का है।
समारोह में विभिन्न विभाग विकास प्रदर्शनी भी लगाएंगे। इससे पहले धर्मशाला में नवंबर 2019 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में करीब 96 हजार करोड़ की परियोजनाओं को लेकर 700 से अधिक एमओयू साइन किए गए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मशाला ग्लोबल इन्वेस्टर मीट का शुभारंभ किया था। इसके बाद शिमला में दिसंबर 2019 में हुए पहले ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में 13 हजार करोड़ की लगभग 250 परियोजनाओं को लेकर एमओयू साइन किए गए। गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की थी। इनमें से 50 फीसदी से ज्यादा परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
इस दौरान एक बैठक कर मंडी में बेहतर आयोजन के लिए उद्योग निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डीसी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री और एडीएम राजीव कुमार, एसडीएम रितिका जिंदल सहित अन्य अधिकारी उनके साथ रहे।