पीएमओ कार्यालय से हरी झंडी मिली तो 27 दिसंबर को छोटी काशी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार के चार साल के जश्न व दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोग जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि, उनके आने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इसी दिन 20 हजार करोड़ रुपये की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी होगी, जिसमें नामी औद्योगिक घराने शिरकत करने जा रहे हैं।
उधर, मंडी जिला प्रशासन ने सरकार के निर्देशानुसार तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर उनके वापस लौटने तक के कार्यक्रम में व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया है। पड्डल में 25 हजार लोगों के बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस बार डायमंड आकार की सिटिंग व्यवस्था की जा रही है। हर बार बस स्टैंड की ओर से छोटे पड्डल की ओर पंडाल लगता था। इस बार छोटे पड्डल के साथ वल्लभ महाविद्यालय के साइंस ब्लॉक के सामने से बस स्टैंड की ओर पंडाल लगेगा। लोगों के प्रवेश के लिए छह गेट होंगे। प्रधानमंत्री के काफिले के वाहन छोटे पड्डल में पार्क होंगे।
मंच की दूसरी तरफ ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का कार्यक्रम
मंच के एक तरफ दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का कार्यक्रम होगा। दूसरी तरफ प्रदर्शनी व विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास होगा। पंडाल में पहली पंक्ति में वीवीआइपी, दूसरी में वीआइपी, तीसरी में विधायक व उच्च अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
आज राकेश प्रजापति लेंगे बैठक
डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि उद्योग विभाग के निदेशक राकेश प्रजापति बुधवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं। वह दोपहर बाद पड्डल मैदान में व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके बाद जिला के प्रशासनिक व उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। राकेश प्रजापति इसकी जानकारी भी साझा करेंगे।
कचौरी का स्वाद भी चखेंगे मेहमान
रैली में भाग लेने वालों के लिए बैठने और खानपान की विशेष व्यवस्था की जा रही है। करीब 25 हजार कचौरियों (मंडी की पारंपरिक डिश) के आर्डर हलवाइयों को दिया जाएगा। इसके लिए विशेष पारंपरिक परिधानों में भी लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। वहीं इसके लिए करीब 300 कमरों की बुकिंग की व्यवस्था भी की जा रही है।