मंडी वल्लभ कॉलेज में पुलिस की परीक्षा के दौरान दस्तावेज चेक करती महिला पुलिस कर्मी।
- फोटो : Mandi
मंडी/सुंदरनगर। दिन : रविवार। समय : 09:10 बजे। स्थान : राजकीय वल्लभ कॉलेज मंडी। कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा केंद्र। परीक्षा केंद्र के प्रवेशद्वार पर पुलिस कर्मचारी अंदर जाने वाले परीक्षार्थियों को बैग और अन्य सामान बाहर रखने की हिदायत दे रहे थे। परिजनों और साथ आए लोगों को गेट पर ही रोक दिया गया। अभ्यर्थियों को जांच के बाद ही अंदर जाने दिया। इस दौरान टोपी, बेल्ट, जैकेट, पर्स, मोबाइल फोन, घड़ी और सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के बाहर ही रखवाए गए।
सीटिंग प्लान देखने के बाद जैसे ही परीक्षार्थी केंद्र की तरफ बढ़े तो तैनात पुलिस कर्मचारियों ने एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) से उनकी जांच की।
इसके बाद अगले प्रवेशद्वार पर उनके पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। केंद्र में प्रवेश से पहले अंतिम बार उनके प्रवेश पत्र जांच करके उन्हें प्रवेश दिया गया। 9:30 से 12:00 बजे तक अभ्यर्थियों का आना लगा रहा।
पुलिस ने चार बैरियरों में परीक्षार्थियों की जांच की। यहां तक जूते, जुराब तक खुलवा दिए थे। सभी को विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। 12:00 बजे कड़ी सुरक्षा में पेपर शुरू हुआ। 1:00 बजे लिखित परीक्षा देने के बाद बाहर लौटे कई अभ्यर्थियों के चेहरों पर उत्साह और कुछ चेहरों पर मायूसी भी झलक रही थी।
...
स्थान : राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर। समय : 11:00 बजे। परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों को लाइनों में खड़ा किया। उन्हें विभिन्न जांच प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। अभ्यर्थियों के जूते और जुराब उतारकर भी जांच की गई। अभ्यर्थियों को जांच के बाद परीक्षा केंद्र में जाने दिया। 12:00 बजे परीक्षा शुरू हुई जो 1:00 बजे तक चली। सरकारी सहित निजी बसों में भीड़ हो गई।
जिला मंडी में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के संचालन के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए गए थे। मंडी में दो और सुंदरनगर में 12 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूूर्ण तरीके से हुई। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। संवाद