सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर में दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से घर पर काम करने के लिए आई युवती एक दिन बाद ही करीब 4 लाख का हीरे का आभूषण और दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। इसे चंडीगढ़ बस स्टैंड पर धर दबोच लिया गया है।
जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी चूड़ामणि ने थाना सुंदरनगर में दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि उसके बेटे ने घर का काम करने के लिए दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से एक युवती को घर का काम करने के लिए रखा। 13 सितंबर को 26 वर्षीय झारखंड की युवती काम करने के लिए सुंदरनगर पहुंच गई।
14 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे चूड़ामणि की पत्नी ने देखा कि नौकरानी के कमरे का दरवाजा खुला है और वह वहां पर नहीं है। जब घर के सामान की जांच की तो पाया कि पुत्रवधू की करीब 4 लाख की हीरे की अंगूठी और दो मोबाइल फोन गायब हैं।
इसके बाद युवती को ढूंढा। पता चला कि कुल्लू डिपो की बस में आरोपी युवती शाम को चंडीगढ़ की ओर रवाना हुई है। इसके बाद चूड़ामणि ने अपने चंडीगढ़ में स्थित रिश्तेदारों को बताया और मंडी की ओर से आने वाली बसों की जांच के लिए कहा। परिजनों ने पुलिस की मदद से आरोपी युवती को बस स्टैंड पर बस से उतरने से पहले ही धर लिया।
इसके बाद उसे सुंदरनगर पुलिस के हवाले कर दिया है। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवती से सामान भी बरामद कर लिया है।
000