गोहर (मंडी)। जंजैहली क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही परिवहन निगम जंजैहली के सब डिपो से दिल्ली, जम्मू-कटड़ा, लुधियाना, चंबा, सोलन, हमीरपुर, कुल्लू और चंडीगढ़ के लिए बसें चलेंगी। एचआरटीसी का सबडिपो स्थापित करने के लिए पथ परिवहन निगम तैयारियों में जुट गया है।
14 जुलाई को प्रशासन और पथ परिवहन निगम एचआरटीसी के बस स्टैंड जंजैहली और बस स्टैंड थुनाग के लिए जमीन की निशानदेही करेगा। आरएम मंडी गोपाल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लोगों की मांग पर निगम की योजना जंजैहली से लगभग सभी पंचायतों को बसें चलाने की है।
जंजैहली से विभिन्न स्थानों के लिए 16 बसें चलती हैं। इनमें लंबी दूरी की बसें सुंदरनगर डिपो से संचालित होती हैं। अन्य रूटों पर निजी और मंडी डिपो की बसें चलती हैं। सबडिपो जंजैहली की 20-24 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना है।
लोगों की मांग के अनुसार परिवहन निगम जंजैहली से दिल्ली, जम्मू-कटड़ा, लुधियाना, चंबा, सोलन, हमीरपुर, कुल्लू, चंडीगढ़ के लिए लंबी दूरी के नए रूट और नाइट रूट संचालित करने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। इसके अलावा लोकल रूटों पर भी अतिरिक्त बसें चलाने की योजना है।
000