मंडी। अध्यापकों के बिना विद्यार्थियों का टॉपर बनना मुश्किल है। जब पढ़ाई ही नहीं हो पा रही है तो विद्यार्थी अव्वल कैसे आ सकते हैं। चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में विभिन्न विषयों के अध्यापकों और प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधियों ने रिक्त पदों को भरने की शिक्षा विभाग से मांग उठाई है। स्कूल प्रबंधन कमेटी की अध्यक्ष सोमा देवी, बरोट पंचायत प्रधान डॉ. रमेश कुमार, बीडीसी सदस्य कृष्ण कुमार ने बताया कि वाणिज्य प्रवक्ताओं के दो पद, शास्त्री का एक पद, कंप्यूटर अध्यापक का पद लंबे समय से रिक्त है। इसके अलावा कला अध्यापक, कार्यालय अधीक्षक का पद भी खाली चल रहा है।
दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वाणिज्य विषय की पढ़ाई करना मुश्किल हो रहा है। रिक्त पद होने के कारण छात्र न चाहते हुए भी दूसरे विषय की पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। चौहारघाटी की 13 तथा छोटा भंगाल घाटी की सात पंचायतों के करीब 500 विद्यार्थी पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल में रिक्त पदों को भरने के लिए पूर्व में भी स्कूल प्रबंधन कमेटियों तथा पंचायत स्तर पर विभाग को कई बार प्रस्ताव पारित कर भेजे गए, लेकिन पद नहीं भरे गए।
अभिभावकों ने स्कूल में रिक्त पदों को भरने की मांग प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से उठाई है। बरोट स्कूल के प्रिंसिपल हरि सिंह चौहान ने कहा कि सभी रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार तथा संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार प्रस्ताव पारित कर भेजे हैं। अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। जल्द रिक्त पदों को भरा जाएगा।
000