गायनी वार्ड के फटे गद्दे बदले, बहुमंजिला इमारत में पानी के रिसाव को रोकने का कार्य शुरू
खबर का असर...
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के गायनी और रोगी वार्डों की बदहाल व्यवस्था को सुधार दिया गया है। संवाद न्यूज एजेंसी के माध्यम से अमर उजाला में शनिवार को प्रकाशित समाचार के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तत्काल कदम उठाए गए हैं।
अस्पताल की बहुमंजिला इमारत में बारिश के पानी के रिसाव को रोकने के लिए चरणबद्ध मरम्मत शुरू कर दी गई है। वहीं, गायनी वार्ड में फटे और बदहाल गद्दों को हटाकर नए बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। पुराने गद्दों से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ था।
करीब तीन दशक पुराने अस्पताल भवन में बजट की कमी के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब प्रशासन अपने स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि अस्पताल के सभी पांच वार्डों में भर्ती मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।