मंडी। हिमाचल पुलिस ने औट से चोरी हुई फार्च्यूनर गाड़ी को हरियाणा से बरामद कर लिया है। इसके लिए 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही चार आरोपियों का पता लगाया है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गाड़ी को हरियाणा के भिवानी से बरामद किया है। आरोपियों की पहचान विजय कुमार (25) पुत्र ईश्वर निवासी भलौट जिला एवं तहसील रोहतक, नवीन पुत्र सुरेश कुमार निवासी सुंदरपुर तहसील एवं जिला रोहतक, सतीश पुत्र कमल सिंह निवासी बिरन तहसील एवं जिला भिवानी और राहुल उर्फ बाच्छी के रूप में हुई है। इनमें से सतीश और राहुल अभी फरार हैं।
चोरी का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने तकनीक का प्रयोग किया और आरोपियों को धर दबोचा। गाड़ी चुराने के लिए आरोपी फार्च्यूनर में ही आए थे। पुलिस ने मंडी-मनाली-जिरकपुर तक लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसमें दोनों गाड़ियां दिखीं। इससे पुलिस को यकीन हुआ कि आरोपी हरियाणा की ओर गए हैं। जब मनाली की ओर के सीसीटीवी खंगाले तो एक संदिग्ध फार्च्यूनर मनाली में दिखी। होटलों और दुकानों में गाड़ी को देखा तो वहां का मोबाइल डाटा एकत्रित किया। इसी आधार पर लोकेशन ट्रैक कर हरियाणा के भिवानी पहुंची। इसके बाद पुलिस ने विजय और नवीन को धर दबोचा।
इनकी निशानदेही पर सतीश के घर से चोरी गाड़ी बरामद की। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस जवानों ने फार्च्यूनर गाड़ी चोरी मामले में बेहतर काम कर 20 दिनों में मामले को सुलझाते हुए गाड़ी को बरामद कर लिया है। मामले में दो शातिरों को पकड़ा गया है। दो अन्य की तलाश जारी है। कहा कि औट से चोरी गाड़ी के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पुलिस ने चार अन्य वाहन भी बरामद किए हैं। यह आरोपी अभी जींद पुलिस के पास हैं, इनको 1-2 दिन में औट लाया जाएगा।