गोहर (मंडी)। ग्रामीण विकास अभिकरण मंडी ने स्वच्छता के लिए जिले के 11 विकास खंडों में अव्वल रही पंचायतों को खंड स्तर पर महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार के लिए चयनित किया है।
वर्ष 2021-2022 के लिए गोहर विकास खंड की शिल्हनु पंचायत, बल्ह की लोअर रिवालसर, बालीचौकी की काऊ, चौंतड़ा की टिकरी मुशैहरा, धर्मपुर की सरौंन, द्रंग की सियुन, गोपालपुर की पौंटा, करसोग की भंथल, सदर की टांडू, सराज की बूंग रेलचौक और सुंदरनगर की चनोल पंचायत को पुरस्कार के लिए चयनित किया है।
उपनिदेशक एवं प्रोजेक्ट आफिसर डीआरडीए मंडी नवीन कुमार ने इसकी पुष्टि की है। वर्ष 2020-2021 में शरण, खांदला, झिड़ी, ऐहजू, चौकी, डलाह, रखोह, भडारनु, जागर, पखरैर और अरठी का डंका बजा था। खंड स्तरीय मूल्यांकन टीम ने अपनी रिपोर्ट पेश कर इन पंचायतों को स्वच्छता में बेहतर आंका है।
शिल्हनु पंचायत के प्रधान भीम सिंह ठाकुर ने कहा है कि पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने का उनका सपना है। उन्होंने कहा कि पंचायत के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना, सड़क, रास्ते और पार्क से पंचायतों में पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।
बग्गी पंचायत के प्रधान विकास गुप्ता, चच्योट प्रधान महेंद्र वर्मा, किलिंग प्रधान प्रकाश चंद समेत अनेक प्रधानों ने विकास खंड स्तर पर स्वच्छता में अव्वल आई पंचायतों के प्रतिनिधियों को बधाई दी है।