पूर्व विधायक के इंजीनियर बेटे ने प्रधानगी के लिए ठोकी ताल
नेर घरवासड़ा पंचायत से दाखिल किया नामांकन पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र जोगिंद्रनगर में बीते 40 सालों से राजनीतिक क्षेत्र में वर्चस्व की जंग में भाजपा और कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर और पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल की नेर घरवासड़ा पंचायत से उनके परिवार से एक और युवा चेहरे ने पंचायत चुनाव में एंट्री की है। पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल के बेटे रामचंद्र ने भी पंचायतीराज चुनाव में भाग्य आजमाने के लिए पर्चा भरा है।
31 वर्षीय सिविल इंजीनियर रामचंद्र ने पंचायत में प्रधान पद के लिए नामांकन भरा है। इनके पिता पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र पाल 1985 के दशक से 2003 तक पंचायती राज चुनाव में पांच बार प्रधान चुने जा चुके हैं। 2003 में पहली बार विधानसभा क्षेत्र का चुनाव लड़ने के बाद विधायक बने थे। अब बेटे रामचंद्र ने पंचायतीराज चुनाव से अपने राजनीतिक भविष्य को आजमाने का निर्णय लिया है। नेर घरवासड़ा पंचायत में कुल प्रत्याशियों की संख्या पांच है। इनमें चमन ठाकुर, विशाल, इंद्र सिंह सकलानी भी पंचायत प्रधान बनने के लिए चुनावी दंगल में उतरे हैं। मतदाताओं की कुल संख्या 2080 है। इनमें महिला मतदाता 1065 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 1015 है।
2016 में जिप का चुनाव हार गए थे पूर्व मंत्री गुलाब सिंह के बेटे सोमेंद्र
पंचायतीराज चुनाव में नेर घरवासड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए पहली बार चुनाव लड़ने उतरे पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर के बेटे सोमेंद्र ठाकुर भी चुनाव हार गए थे। उन्हें कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने हराया था। 2021 के चुनाव में तेज सिंह भी 497 मतों से चुनाव हारे थे। इस प्रत्याशी को युवा आजाद उम्मीदवार विजय भाटिया ने हराकर दिग्गज नेताओं के गढ़ में खलबली मचा दी थी।