पधर (मंडी)। उपमंडल की उरला पंचायत के पंदलाही गांव में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) मंडी डिपो में सेवारत अच्छर सिंह की सेवानिवृत्ति से पांच दिन पहले हृदयाघात से मौत हो गई। अच्छर सिंह ने 30 जून को सेवानिवृत्त होना था।
शनिवार तड़के अचानक उन्हें सीने में दर्द हुआ। तबीयत बिगड़ती देख परिजन उन्हें सिविल अस्पताल पधर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी अकस्मात मौत होने पर परिवार गहरे सदमे में है। गांव में मातम का माहौल है।
घर में सेवानिवृत्ति समारोह की तैयारियां चल रही थीं जो धरी की धरी रह गईं। मृतक अच्छर सिंह का बड़ा बेटा पवन कुमार बीते वर्ष भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर घर आया था। पवन ने अपनी सेवानिवृत्ति पर कोई समारोह आयोजित न कर पिता की सेवानिवृत्ति के दौरान ही एक साथ समारोह मनाने की इच्छा जताई थी। इसके लिए सभी सगे संबंधियों और रिश्तेदारों को 30 जून का निमंत्रण दे दिया था।
अड्डा इंचार्ज पधर प्यार चंद शर्मा और अधीनस्थ स्टाफ अंत्येष्टि में शामिल हुआ। क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा ने कहा कि अच्छर सिंह कर्मठ और स्नेहशील कर्मचारी थे। 30 जून को उनकी सेवानिवृत्ति पर स्टाफ ने विदाई समारोह का आयोजन रखा था। संवाद