शलवाड़ गांव के मोहर सिंह को पालकी पर ले जाते ग्रामीण।
- फोटो : Mandi
बालीचौकी/मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज की भनवास पंचायत का शलवाड़ गांव भी सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। इससे ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक व्यक्ति घर पर ही गिरकर घायल हो गया। जिंदगी और मौत से जूझ रहे व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को कुर्सी का सहारा लेना पड़ा। कुर्सी को डंडों से बांधा गया था। इसके बाद उसे पालकी की तरह करीब चार किलोमीटर पैदा सफर कर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। यहां से उसे निजी वाहन में ले जाकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि बालीचौकी के थाची क्षेत्र की पंचायत भनवास के गांव शलवाड़ में बुधवार को शलवाड़ निवासी मोहर सिंह अचानक घर में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को पालकी में उठाकर डेढ़ घंटे का सफर पैदल तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा। कहा कि अगर सड़क होती तो उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। कई गंभीर मरीजों की समय पर इलाज न मिलने से मौत हो चुकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की भी सुविधा नहीं है। क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री से भी कई बार मांग रखी लेकिन गांव को सड़क नहीं पहुंच पाई। लोगों ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि जल्द से जल्द गांव को सड़क सुविधा प्रदान की जाए। पंचायत प्रधान बंती देवी का कहना है कि सड़क का काम चला हुआ है। संवाद