धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर के कांढापत्तन स्थित श्मशानघाट में लावारिस कुत्तों ने एक अधजले शव को नोंचकर बाजार की दुकानों तक पहुंचा दिया। इसका सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो रहा है। घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। लोगों में रोष भी पनप रहा है।
कांढापत्तन शमशानघाट में रात के समय परिजनों ने महिला के शव का अंतिम संस्कार किया। शव को अग्नि देने के बाद परिजन आधा अधूरा संस्कार कर वहां से चले गए। लोगों के जाने के बाद श्मशानघाट पर कुत्ते पहुंच गए और अध जले शव के अवशेषों को दुकानों के पास ले आए। सुबह जब दुकान के मालिक दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो दुकान के आगे अवशेष देखे।
तहकीकात करने पर दुकानदार को ग्रामीणों से मालूम पड़ा कि ग्रामीणों ने एक वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया है। दुकानदार ने शव के बचे अवशेष को उठा कर जल प्रवाहित कर दिया। लोगों का कहना है कि परिजनों को शव का संस्कार पूरी तरह करना चाहिए था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। क्षेत्र के बुद्धिजीवी लोगों ने युवा पीढ़ी से अपील की है कि वह बुजुर्गों का सम्मान करें और दोबारा ऐसी घटना घटित न हो, इसका ख्याल रखा जाए। संवाद