रिवलसर-नैणादेवी-डोह खस्ताहाल सड़क। संवाद
नाला बंद होने से सड़क पर बह रहा पानी, निकासी नालियां न होने से लोगों को हो रहा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिवालसर (मंडी)। क्षेत्र की 15 पंचायतों को जोड़ने वाली रिवालसर-नैणा देवी-डोह सड़क पर पिछली बरसात में गिरे मलबे से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, इन्हें अभी तक नहीं सुधारा गया है। बारिश होने पर इनमें पानी भर जाता है और सड़क कीचड़ में तबदील हो गई है। इस पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। लोक निर्माण विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
नैणा देवी सड़क पर बने कलवर्ट कई सालों से बंद पड़े हैं। ग्रामीणों की ओर से विभागीय अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बाद भी इन्हें नहीं खोला जा रहा है। इस कारण नैणा देवी, डोह सड़क बारिश होने पर नाले में तबदील हो जाती है। स्थानीय निवासी सुदर्शन कुमार, पवन कुमार, राजेंद्र, नैनचंद, हेमराज, पुरुषोतम राम आदि ने बताया कि सड़क पर बंद कलवर्ट की वजह से बारिश का पानी लोगों की जमीनों, खेतों और घरों में घुस रहा है। इससे फसलों और लोगों के घरों को नुकसान हो रहा है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर नालियों का कोई भी प्रावधान नहीं किया है। कई बार उन्होंने 100 नंबर पर भी शिकायत की है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग मंत्री से बल्ह क्षेत्र की सड़कों विशेष कर नैणा देवी-डोह सड़क की हालत को सुधारने की मांग की है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग नेरचौक के अधिशासी अभियंता डीआर चौहान ने बताया कि इस बारे में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जाएंगे। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
रिवलसर-नैणादेवी-डोह खस्ताहाल सड़क। संवाद