एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाक क्रिकेट मैच का विरोध करने का ऐलान किया है। एनएसयूआई की राज्य स्तरीय बैठक मंडी में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य यदुपति ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न मांगों व मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाक मैच को लेकर विरोध किया गया।
यदुपति ने कहा कि धर्मशाला में भारत-पाक का क्रिकेट मैच शहीदों की भावनाओं से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि वीर भूमि में पाक क्रिकेट टीम को कदम नहीं रखने दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि पाक टीम क्रिकेट मैच के लिए हिमाचल पहुंचती है तो उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे और मैच का पूरजोर विरोध किया जाएगा। ठाकुर ने कहा कि बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाक मैच के विरोध में सीएम वीरभद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया है। यदि मैच रद्द न किया तो एनएसयूआई का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान कमलेश रावत, हमित जम्वाल, बलदेव, चंदन नरूला, अश्वनी कुमार, जितेंद्र धीमान समेत अन्य मौजूद थे।