बलद्वाड़ा/सरकाघाट (मंडी)। नियमों को ताक पर रखकर खरीदारों समेत घरेलू गैस उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डालने और गली सड़ी सब्जियां बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बलद्वाड़ा और सरकाघाट में छापामारी करते हुए विभागीय टीम ने 234 किलोग्राम फल और सब्जियां तथा 120 किलो मैदा जब्त किया है। खराब सामान को बेच रहे कारोबारियों के चालान काटकर नोटिस थमाए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से सरकाघाट और बलद्वाड़ा में हड़कंप मचा रहा। इसके अलावा विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों पर भी शिकंजा कसा। तीन घरेलू सिलेंडर जब्त किए हैं। विभागीय टीम ने मंगलवार को कुल 26 दुकानों पर छापे मारे, जिसमें 23 दुकानों को चालान के नोटिस थमाए हैं। छापामारी के दौरान मूल्य सूची न टांगने वालों पर भी सख्ती की गई। आगाह किया गया कि खरीदारों की सहूलियत के लिए मूल्य सूची सामने प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके अलावा मार्जन मनी से अधिक मुनाफा वसूलने वालों को भी चेतावनी दी गई। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
तेज होगी छापामारी : शांडिल
डीएफएससी मिलाप शांडिल ने कहा कि टीम में निरीक्षक अनीश ठाकुर, विक्रम सिंह और दीपक शर्मा मौजूद रहे। कुल 26 दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें 23 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में एलपीजी गैस के 3 घरेलू सिलेंडरों के अलावा 234 किलोग्राम फ ल और सब्जियां तथा 120 किलो मैदा जब्त किया गया। विभाग बरसात के मौसम में छापामारी जारी रखेगा।