जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य सहकारी बैंक में एटीएम कार्ड बदलकर शातिरों ने महिला को 21 हजार का चूना लगा दिया है। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला सत्या देवी लोक निर्माण विभाग में तैनात है। वह समखेतर कुठेहड़ा की निवासी है।
पुलिस में दी तहरीर में शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये निकाले। इस दौरान साथ खड़े युवक ने कहा कि आपने गलत बटन दबाया है। आपके पैसे कट जाएंगे दोबारा बटन दबाओ। इसी बीच युवक ने होशियारी से उसके हाथ से एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद उसके खाते से 10 हजार रुपये कट गए। ये भारतीय स्टेट बैंक गुम्मा के एटीएम मशीन से निकाले गए।
उसने इस बारे जब भारतीय स्टेट बैंक की जोगिंद्रनगर शाखा में जाकर शिकायत दर्ज की तो उसके खाते से 10 हजार रुपये कटने का मैसेज आया है तो उसकी शिकायत को नजर अंदाज कर दिया गया। इसके बाद उसके खाते से 11 हजार और निकल गए। जब वह राज्य सहकारी बैंक गई तो उसे बताया गया कि यह एटीएम कार्ड उसका नहीं है। शहर में कुछ समय में एटीएम कार्ड बदलने के लगभग 11 मामले हो चुके हैं लेकिन पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ पाया है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस जांच कर रही है।