सरकाघाट (मंडी)। दिल्ली से सरकाघाट आते समय निगम की सरकाघाट डिपो की वोल्वो बस मेें एक महिला का लैपटॉप चोरी हो गया है। इसको लेकर महिला ने बस के परिचालक पर लापरवाही और लैपटॉप गुम होने को लेकर मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार निश्चय गारला निवासी सरकाघाट दिल्ली से सरकाघाट वोल्वो बस से घर आ रही थी। इस दौरान बस रात्रि खाने को लेकर एक निजी होटल में रुकी। सुबह जब वह बस से सरकाघाट उतरी तो बैग में से लैपटॉप गायब था। महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया है। महिला ने कहा कि लैपटॉप की कीमत करीब 75000 रुपये थी। उन्होंने परिवहन मंत्री को भी इस चोरी की शिकायत भेजी है। उन्होंने इस चोरी के लिए परिचालक को जिम्मेदार ठहराया है। महिला का कहना है कि वोल्वो बस में तीन गुना ज्यादा किराया देने के बाद भी सवारियों के सामान की कोई सुरक्षा नहीं होती है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने लैपटॉप चोरी मामले की शिकायत दर्ज होने की पुष्टि की है।