टिहरा बाजार में सोमवार रात्रि को अज्ञात चोरों ने एक दुकान में
सेंधमारी कर दी। चोर दुकान से सामान और नकदी चुरा ले गए। उक्त दुकान में
चौथी बार चोरी की घटना पेश आई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर छानबीन
की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को स्वदेश
शर्मा रोज की तरह अपनी दुकान को बंद कर घर चला गया। जब वह मंगलवार सुबह
दुकान पहुंचा तो उसने पाया कि दुकान के शट्टर के कलंप टूटे हुए हैं और
शट्टर बंद था। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रधान मलकीत सिंह तथा उप प्रधान
प्रदीप कुमार को मौके पर बुला कर दुकान को खोला और पाया कि अज्ञात चोर करीब
20 हजार रुपये का सामान और नकदी चुरा ले गए। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस
को दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। हैरानीजनक है
कि टिहरा में इसी दुकान में चोरी की यह चौथी घटना है, लेकिन सभी मामलों में
पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है।
माना जा रहा है कि यह
स्थानीय शरारती तत्वों का ही कारनामा है। व्यापार मंडल के प्रधान मलकीत
सिंह और उपप्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को मामले में गंभीरता से
जांच करनी चाहिए। जिसे चोर पकड़े जा सकें। दुकान मालिक स्वदेश शर्मा ने
बताया कि उनकी दुकान में चौथी बार चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन अभी तक
चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी
सरकाघाट जगदीश कंवर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी
है।