जनप्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। नशा मुक्ति को लेकर धर्मपुर उपमंडल के संधोल में 9 जुलाई को सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता तहसीलदार संधोल ओशीन शर्मा करेंगी। नशा मुक्ति अभियान समिति धर्मपुर इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र भूप्पी और साक्षरता समिति सचिव सुनीता बिष्ट ने बताया कि सम्मेलन में संधोल तहसील के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों के प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित महिला और युवक मंडलों, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं, व्यापार मंडल और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। अभियान चलाने के लिए इस सम्मेलन में अभियान समिति का भी गठन किया जाएगा।
सम्मेलन के आयोजन को लेकर समिति गठित की गई है। इसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नशा मुक्ति के लिए सम्मेलन जिला बाल संरक्षण अधिकारी एनआर ठाकुर, गुंजन संस्था पालमपुर के निदेशक विजय कुमार बतौर स्रोत व्यक्ति भाग लेंगे। खंड अध्यक्ष भूपेंद्र भूप्पी ने बताया कि प्रदेश और धर्मपुर में बढ़ रहे नशे के प्रयोग से कई परिवार तबाह हो रहे हैं। इनमें युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा ग्रसित हो गई है। इसलिए इसे रोकने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही काफी नहीं हैं। इसके लिए सामाजिक तौर पर सभी को शामिल होना जरूरी है, तभी इसे रोका जा सकता है।