एबीवीपी का आरोप, कॉलेज प्रबंधन ने बिना ओपन टेंडर करवाए मनमर्जी से दिया कैंटीन का टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वल्लभ कॉलेज मंडी इकाई ने कॉलेज की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि कॉलेज कैंटीन के लिए किए गए टेंडर को रद्द कर इसे नए सिरे से ओपन टेंडर करवाया जाए। आरोप लगाया कि मंडी कॉलेज प्राचार्य ने कॉलेज कैंटीन का टेंडर बिना किसी सूचना के ही करवाया दिया है। विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से अतिरिक्त उपायुक्त से ओपन टेंडर करवाने की मांग रखी।
एबीवीपी इकाई मंत्री राहुल चौहान ने बताया कि कॉलेज में किसी भी चीज के टेंडर को नियमानुसार नहीं करवाया जा रहा। कॉलेज प्राचार्य ने मनमर्जी से ही कॉलेज कैंटीन का टेंडर जारी कर दिया है। ओपन टेंडर न करवाना कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली को शक के घेरे में खड़ा करता है। आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार के दबाव में आकर कॉलेज प्रशासन कार्य कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्राचार्य जब से कॉलेज में तैनात हुई हैं, कॉलेज लगातार पिछड़ता जा रहा है। इकाई उपाध्यक्ष रोहित ने कहा कि कॉलेज में ईवीएम मशीनें लंबे समय से रखी हुई हैं। इस कारण विद्यार्थियों को अपनी कक्षाओं को लगाने में असुविधा हो रही है। विद्यार्थी परिषद ने जिला प्रशासन से भी मांग उठाई कि इन मशीनों को जल्द से जल्द यहां से हटाया जाए, ताकि विद्यार्थी अपनी कक्षा सुचारु रूप से चला सकें।