प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भ्यूली में आयोजित कार्यक्रम में
- फोटो : Mandi
मंडी। महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी के प्रधानमंत्री मातृ वंदना सप्ताह का मंगलवार को समापन हो गया। जिला स्तरीय समापन समारोह का आयोजन जिला परिषद हॉल भ्यूली में किया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल ने की।
योजना में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रिवालसर संतोष कुमार को प्रथम पुरस्कार मिला। विजय कुमार बाल विकास परियोजना अधिकारी सराज को द्वितीय और आरआर भारद्वाज बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
जतिन लाल ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मजदूरी की क्षति के बदले में राशि को प्रोत्साहन के रूप आंशिक क्षतिपूर्ति प्रदान करना है, जिससे महिलाएं बच्चे के जन्म से पहले और बाद में पर्याप्त विश्राम कर सकें। उन्होंने बताया कि प्रदान किए गए नकद प्रोत्साहन राशि से गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं में स्वस्थ रहने के आचरण में सुधार होगा। योजना के अंतर्गत पात्र महिला/लाभार्थी को 5000 रुपये की राशि तीन किस्तों में प्रदान की जाती है।
योजना के अंतर्गत जिला मंडी में 1 जनवरी 2017 से लेकर 6 सितंबर 2021 तक 29956 लाभार्थियों को कुल 12,56,00,000 की राशि बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भुगतान की जा चुकी है। राशि वितरण करने में जिला मंडी पूरे हिमाचल प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
समारोह में योजना के पात्र लाभार्थियों ने अपनेे मातृत्व लाभ के बारे में अनुभव साझा किए। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी हरी सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू बाला, रजनीश शर्मा, जिला समन्वयक पोषण अभियान, राज कुमार, जिला समन्वयक पीएमएमवीवाई और दीपिका महिला कल्याण अधिकारी महिला शक्ति केंद्र भी उपस्थित थी।
000