गोहर से सेब, आलू, लहसुन और नाशपाती ढुलाई को लेकर भाड़ा तय
एसडीएम कार्यालय गोहर में नाचन फल उत्पादक संघ और ट्रांसपोर्टरों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। इस वर्ष के लिए सेब, आलू, लहसुन और नाशपाती की ढुलाई के किराये तय कर लिए गए हैं। इस संबंध में एसडीएम गोहर के कार्यालय में नाचन फल सब्जी उत्पादक संघ और चैलचौक ट्रक, टेंपो और जीप यूनियन की बैठक एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेब, आलू, लहसुन और नाशपाती की ढुलाई को लेकर प्रति किलो किराया निर्धारित किया गया। नाचन फल सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष बीके ठाकुर और ट्रक यूनियन से अड्डा प्रभारी मनोज ठाकुर समेत अनेक बागवान उपस्थित रहे।
सेब का किराया सलाहर, जाछ, वाढू, तुना, मंडोगलु, जहल और सरोआ से प्रति किलो चंडीगढ़, शिमला और परवाणु के लिए 4 रुपये और दिल्ली के लिए प्रति किलो 6 रुपये निर्धारित किया गया। आलू का प्रति किलो किराया जहल, धगयारा जाछ और तुना से प्रति किलो 1 रुपये 72 पैसे लुधियाना, जालंधर, पटियाला, चंडीगढ़ और पठानकोट के लिए निर्धारित किया गया। अमृतसर और अंबाला का प्रति किलो 2 रुपये 77 पैसे निर्धारित किया गया। दिल्ली का किराया 3 रुपये 30 पैसे किया गया। लहसुन और नाशपाती का किराया जहल धंग्यारा, जाछ, तुना प्रति किलो लहसुन किराया 2 रुपये चंडीगढ़ के लिए तय किया गया। नाशपाती किराया जयपुर और दिल्ली के लिए 5 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया। बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष माल ढुलाई के किराये के दाम पूर्व निर्धारित ही रखे गए हैं।