मंडी। बाबा भूतनाथ मंदिर में रविवार को उनके ही मूल स्वरूप को मक्खन से उकेरा गया। दिनभर बाबा के मूल स्वरूप के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पहले दिन बाबा का पहला रूप त्रयंबकेश्वर के रूप में बाबा भूतनाथ के स्वयंभू शिवलिंग पर उकेरा गया था, इसके बाद 30 दिनों तक उनके अनेक रूप मक्खन से उकेरे गए। रविवार को अंतिम दिन बाबा के मूल रूप भूतनाथ को शिवलिंग पर मक्खन से उकेरा गया। अंतिम रूप के बाद अब शिवरात्रि यानी चार मार्च सुबह ही बाबा के शिवलिंग से मक्खन को निकाला जाएगा। इसके बाद जलाभिषेक किया जाएगा। उनकी विशेष पूजा के बाद शिवरात्रि पर्व के लिए स्वयंभू शिवलिंग को पहले की तरह ही सजाया जाएगा।
शिवरात्रि का पर्व सोमवार को है। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखेंगे। राजकीय पुरोहित पुष्पराज कश्यप ने बताया कि कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर पूरा दिन व्रत रखने का विधान है।
.
एकादश रुद्र में आज होगा अखंड जाप का समापन
ब्यासघाट पर स्थित एकादश रुद्र मंदिर में सोमवार को सुबह नौ बजे अखंड जाप का समापन होगा। इस दिन मंदिर में सुबह हवन-यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ ओम नम: शिवाय का जाप पूर्ण किया जाएगा। एकादश रुद्र मंदिर के पुजारी सत सुंदरम ने बताया कि मंदिर में 26 फरवरी से साप्ताहिक जाप शुरू हुआ। इसका समापन सोमवार को सुबह उपायुक्त मंडी करेंगे। रविवार को मंदिर में सेशन जज बीके शर्मा ने जलाभिषेक किया। मंगलवार को मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। उसके बाद भंडारा भी लगाया जाएगा।