मंडी। शहर के मुख्य डाकघर मार्ग पर एक लावारिस बैल ने राह चलते लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें स्थानीय युवक पारस वैद्य और एक बच्चे को चोटें आई हैं। पारस वैद्य को किसी तरह लोगों ने उठाकर अस्पताल पहुंचाया। उसकी पीठ पर गहरी चोटें लगी हैं। सूचना पीड़ित ने सिटी चौकी में दे दी है। उसने बताया है कि वह शाम को साढ़े सात बजे किसी परिचित के साथ बात कर रहा था कि बैल ने पीछे से आकर टक्कर मार दी। वहीं, बच्चे को चोट लगते ही उसके परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां बच्चा अभी भी डरा और सहमा हुआ था। शहर के लोगों ने नप और प्रशासन से शहर में घूम रहे लावारिस बैलों से निजात दिलाने की मांग की है।