मंडी। देश के सभी नागरिकों को साक्षर करने के लिए 15 वर्ष से अधिक के निरक्षर व्यस्कों को साक्षर बनाने के लिए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम उल्लास के तहत स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह स्वयंसेवी समाज के निरक्षर लोगों को साक्षर करेंगे। इसी कड़ी में शिक्षा खंड सदर-2 कटौला में लगभग 50 स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सदर द्वितीय इंद्र सिंह भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। स्वयंसेवी शिक्षकों को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों व विभिन्न आयामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें प्रमुख रूप से मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, जीवन के महत्वपूर्ण कौशलों का ज्ञान पर प्रमुख संसाधन व्यक्ति मोहन सिंह सकलानी और परम देव ठाकुर ने विस्तार से जानकारी दी।
इंद्र सिंह भारद्वाज ने बताया कि शिक्षा खंड सदर द्वितीय में लगभग 439 निरक्षर लोगों को साक्षर किया जाएगा। आह्वान किया कि प्रशिक्षण में बताए गए विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने का सफल प्रयास करें। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी आशा राणा ने कहा कि जिला के सभी चिह्नित निरक्षर लोगों को साक्षर करने के लिए सर्वेक्षण और प्रशिक्षण के साथ समुदाय को जागरूक व जन आंदोलन बनाने के लिए फंड का भी प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर लेखराज, श्याम लाल, चेतराम व अन्य मौजूद रहे।