मंडी। जिले में कोरोना संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं। इसमें अकेले रिवालसर के विकासनगर से 5 लोग, मेडिकल कॉलेज नेरचोक की 4 प्रशिक्षु छात्राएं और बल्ह के सकरोहा गांव से 3 मामले सामने आए हैं।
मंगलवार को जिले से 591 सैंपलों की जांच की गई। रैट के 504 और आरटीपीसीआर में 87 सैंपलों की जांच हुई। इनमें 33 मामले पॉजिटिव पाए गए। बल्ह से 17 मामले, सुंदरनगर से 2, सरकाघाट से 3, जोगिंद्रनगर 3, गोहर से 2, करसोग 1, सदर से 4 और धर्मपुर से 1 नया मामला दर्ज हुआ है। संक्रमितों में दो किशोर भी शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉक्टर देवेंद्र शर्मा ने लोगों से कोरोना नियमों का कड़ाई से पालना करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हमें हर समय मास्क पहनना है। भीड़ वाली जगह जाने से बचना है। हाथों को बार-बार साबुन धोना है या सैनिटाइजर का प्रयोग करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई है वह शीघ्र ही अपने समीप के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंच कर दूसरी डोज लगवा लें। अभी तक बहुत से लोग जिन्हें दूसरी डोज लगनी है वह आगे नहीं आ रहे है। संवाद