कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में बंजार के एक युवक से 608 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी नशे की खेप मनाली में इधर-उधर करने वाला था। इससे पहले ही राज्य नारकोटिक्स की यूनिट ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार राज्य नारकोटिक्स यूनिट के निरीक्षक नरेश चंद सोमवार को अपने सहयोगियों के साथ मनाली के बैली ब्रिज में नाके पर थे। इस दौरान उन्होंने मनाली के अलेउ की तरफ से एक युवक को आते देखा। युवक टीम को सामने देख घबरा गया। इससे पहले कि युवक मौके से फरार हो जाता। टीम ने उससे 608 ग्राम चरस बरामद की। पकड़े गए आरोपी युवक की पहचान चुन्नी लाल (35) गांव ननौट, डाकखाना कलवारी, तहसील बंजार, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। डीएसपी नारकोटिक्स प्रियंक गुप्ता ने बताया कि आरोपी को चरस के साथ पकड़ा है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।